Positive Connect

एक पहल

Shopkeeper Raman Khariwal यहां कर रहा उम्मीदों की मरम्मत

Shopkeeper Raman Khariwal

दुकानदार रमन खारीवाल (Shopkeeper Raman Khariwal) ने हनुमानगढ़ जिले के रावतसर में सडक़ों में बने गड्ढ़ों को भरने की सराहनीय पहल शुरू की है, जिससे अब अन्य लोग भी जुडऩे लगे हैं। शुरूआत में दुकानदार रमन खारीवाल (Shopkeeper Raman Khariwal) ने पहले अनशन और धरना देकर प्रशासन को जगाने की कोशिश की, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने छोटी-छोटी जन समस्याओं का समाधान खुद करना शुरू कर दिया।

Shopkeeper Raman Khariwal

दुकानदार रमन खारीवाल की सराहनीय पहल

हनुमानगढ़। रविवार का दिन आम तौर पर दुकानदारों के लिए आराम का होता है। सप्ताह भर दुकान पर बैठने के बाद इस दिन वे परिवार के साथ वक्त बिताना चाहते हैं या अपनी थकान मिटाते हैं, लेकिन राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के रावतसर कस्बे में दुकानदार रमन खारीवाल (Shopkeeper Raman Khariwal) ऐसा भी है, जिसके लिए रविवार आराम का नहीं बल्कि अपने कस्बे की समस्याओं से लडऩे का दिन होता है।

सुबह होते ही वह सीमेंट, बजरी और ग्रिट लेकर किसी सडक़ के गड्ढ़े पर पहुंच जाता है। Shopkeeper Raman Khariwal के साथ दुकान पर काम करने वाला एक युवक और कुछ स्थानीय लोग भी हाथ बंटाने पहुंच जाते हैं।

खास बात यह है कि इस काम के लिए न उसके पास कोई सरकारी बजट है और न किसी संस्था की आर्थिक मदद। पूरा खर्च वह अपनी जेब से उठाता है। 

पिछले करीब कई माह से Shopkeeper Raman Khariwal हर रविवार अपनी दुकान बंद रखकर कस्बे और आसपास के गांवों को जोडऩे वाली सडक़ों गड्ढ़े भरने में जुटे हैं। अब तक वह करीब दो दर्जन से ज्यादा गड्ढ़ों की मरम्मत कर चुके हैं।

उनकी यह पहल किसी सरकारी योजना या सामाजिक संगठन का हिस्सा नहीं है, बल्कि सरकारी विभागों की उदासीनता से उपजी नागरिक जिम्मेदारी की एक मिसाल है। जिन छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए वह कभी दफ्तरों में अफसरों के चक्कर लगाते थे, अब उनमें से कुछ का समाधान अपने स्तर पर करने में जुटे हैं।

Shopkeeper Raman Khariwal

ऐसे शुरूआत हुई मुहिम की

Shopkeeper Raman Khariwal की इस मुहिम की शुरुआत भी एक छोटी सी समस्या से हुई। रावतसर की चांदोरा गली में नाली पर लगी जाली टूट गई थी। वहां से गुजरने वाले राहगीरों को लगातार परेशानी हो रही थी। कई बाइक सवार उसमें फंसकर चोट खा चुके थे।

स्थानीय नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार इस जाली को ठीक करवाने का आग्रह किया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार रमन ने खुद ही इसकी मरम्मत करवाने का फैसला किया। इसी साल सितम्बर माह के पहले सप्ताह में उन्होंने अपनी जेब से 4670 रुपए खर्च करके यह काम करवा दिया। इससे राहगीरों को राहत मिली।

राजमिस्त्री ओमप्रकाश बिना मेहनताना के शामिल

इस श्रमदान ने Shopkeeper Raman Khariwal को सोचने पर मजबूर किया कि आखिर छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कब तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटे जाएं। जब कुछ काम अपने स्तर पर भी किए जा सकते हैं तो उनकी शुरुआत क्यों न की जाए?

इसी सोच के साथ उन्होंने सडक़ों पर दिखाई देने वाले गड्ढ़ों की मरम्मत करवाना शुरू कर दिया। शुरुआत में उनकी दुकान पर काम करने वाला युवक शिवम ही साथ देता था। बाद में रावतसर के राजमिस्त्री ओमप्रकाश भी बिना कोई मेहनताना लिए इस मुहिम में शामिल हो गए।

रमन अपनी जेब से निर्माण सामग्री का खर्च उठाते हैं, जबकि ये दोनों श्रमदान करते हैं। पिछले सप्ताह तक यही तीन लोग इस काम में जुटे थे, लेकिन रामपुरा-न्योलखी सडक़ पर आज गड्ढ़े की मरम्मत करते समय तीन और लोग राजेन्द्र दायमा, दिनेश सोनी और कन्हैया भी उनके साथ आकर खड़े हो गए।

आज एक गड्ढ़े की मरम्मत में चार थैले सीमेंट, चार क्विंटल बजरी, सात किवंंटल ग्रिट, सौ रुपए का डीजल और सामग्री मौके तक पहुंचाने के लिए दो सौ रुपए खर्च हुए। कुल खर्च 2700 रुपए आया।

यह रकम भी रमन ने अपनी जेब से दी, लेकिन उनके लिए आज के दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि खर्च उठाना नहीं बल्कि तीन नए लोगों का इस काम में शामिल होना है।

Shopkeeper Raman Khariwal

रमन बोले, उम्मीद है मुहिम आगे बढ़ेगी

Shopkeeper Raman Khariwal पॉजिटिव कनेक्ट से कहते हैं कि पहले ओम मिस्त्री और शिवम ही साथ आते थे, लेकिन अब दूसरे लोग भी आगे आने लगे हैं। इससे उन्हें खुशी है और उम्मीद बंधी है कि यह मुहिम आगे बढ़ेगी।

वह कहते हैं कि उन्हें सहयोग के लिए पैसे की जरूरत नहीं है। थोड़ा-बहुत खर्च वह खुद उठा सकते हैं, लेकिन लोगों का श्रमदान के लिए आगे आना इस काम को निरंतर जारी रखने में मदद करेगा।

कई साल से संघर्ष कर रहा था रमन

Shopkeeper Raman Khariwal की यह पहल अचानक पैदा हुआ कोई उत्साह नहीं है। सार्वजनिक समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता पिछले कई वर्षों से रही है।

वर्ष 2022 में मानसून की भारी बारिश के दौरान समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पूरा रावतसर कस्बा जलमग्न हो गया था। घरों और गलियों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी हुई। तब रमन ने प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए भूख हड़ताल की।

छह दिन तक अनशन करने के बावजूद जब कोई ठोस पहल नहीं हुई तो वह पानी की ओवरहेड टंकी पर चढ़ गए। आखिर स्थानीय प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वह नीचे उतरे।

Shopkeeper Raman Khariwal

अब तक नहीं हुआ आश्वासन पर अमल 

प्रशासन ने उस समय जिला स्तरीय समिति गठित करने और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने का भरोसा दिया था, लेकिन उस आश्वासन पर अब तक अमल नहीं हुआ है।

विरोध प्रदर्शन का एक और पहलू भी है। पुलिस विभाग ने Shopkeeper Raman Khariwal को नोटिस भेजकर प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हुए खर्च के रूप में 1,02,728 रुपए जमा कराने को कहा।

रमन ने इस नोटिस को स्थानीय अदालत में चुनौती दी और वहां से स्थगन आदेश प्राप्त किया। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।

दूसरों को प्रेरित कर रही रमन की पहल

Shopkeeper Raman Khariwal की कहानी में एक व्यक्ति का संघर्ष तो है ही, साथ ही यह भी दिखता है कि नागरिक जिम्मेदारी की शुरुआत किसी बड़े पद, संगठन या संसाधन से नहीं होती।

एक छोटा दुकानदार भी अपने आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए पहल कर सकता है। उसकी कोशिश दूसरों को प्रेरित कर सकती है। रमन के साथ अब कुछ और लोगों का जुडऩा इसी उम्मीद को मजबूत करता है।

Shopkeeper Raman Khariwal की यह पहल निश्चय ही सराहनीय है, लेकिन यहां कुछ सवाल भी उठते हैं। आखिर सडक़ों के गड्ढ़े भरना और नालियों की टूटी जालियां ठीक करवाना किसकी जिम्मेदारी है? क्या नगर पालिका और संबंधित सडक़ निर्माण विभागों का दायित्व केवल शिकायतें सुनने और आश्वासन देने तक ही सीमित है?

जिन सडक़ों की मरम्मत और रखरखाव के लिए सरकारी बजट आवंटित होता है, वहां एक दुकानदार को अपनी जेब से पैसा क्यों खर्च करना पड़ रहा है?

वर्ष 2022 में जल भराव के स्थाई समाधान का आश्वासन देने वाले अधिकारियों से यह सवाल भी पूछा जाना चाहिए कि उस पर अब तक कितना काम हुआ है?

नागरिक जिम्मेदारी की अच्छी मिसाल

Shopkeeper Raman Khariwal की पहल नागरिक जिम्मेदारी की एक अच्छी मिसाल है, लेकिन इसे सरकारी विभागों की जिम्मेदारी का विकल्प नहीं बनाया जा सकता। नागरिकों का श्रमदान और सहयोग समाज की ताकत है, इसे सरकारी जवाबदेही से बचने का बहाना नहीं बनना चाहिए। रमन जैसे लोग व्यवस्था की कमियों के बीच उम्मीद जगाते हैं। उनकी इस मुहिम की असली सफलता उस दिन होगी, जब सरकारी विभाग अपनी जिम्मेदारी समझेंगे और रमन को हर रविवार को सडक़ों के गड्ढ़े भरने नहीं जाना पड़ेगा। जिस दिन ऐसा होगा, तब रमन जैसे लोगों के लिए रविवार का दिन सचमुच आराम का दिन होगा।

Related Story