Positive Connect

एक पहल

Mustard : 6 उन्नत किस्में विकसित, बढ़ाएंगी उत्पादन और तेल

Mustard

Mustard की 6 उन्नत किस्में भरतपुर के सरसों अनुसंधान निदेशालय ने विकसित की है, जिनसे भरपूर पैदावार मिलेगी और उसमें तेल की मात्रा भी ज्यादा होगी। इससे राजस्थान के अलावा यूपी, एमपी समेत कई राज्यों के किसान आने वाले वर्षों में मालामाल हो सकेंगे।

Mustard

Mustard की 6 नई किस्मों से किसान होंगे मालामाल

भरतपुर (राजस्थान)। सरसों (Mustard) की विकसित की गई 6 नई उन्नत किस्में आने वाले वर्षों में किसानों को मालामाल करेंगी। कारण है कि इन उन्नत किस्मों से उत्पादन बढऩे के साथ ही तेल की मात्रा भी बढ़ेगी।

भरतपुर स्थित देश के एक मात्र राष्ट्रीय सरसों अनुसंधान निदेशालय ने देश के किसानों के लिए अब Mustard की कई उन्नत किस्म तैयार की हैं। इन किस्मों से जहां भरपूर पैदावार होगी, वहीं इनमें तेल की मात्रा भी अच्छी होगी। निदेशालय और उसके संबद्ध संस्थानों ने कुल 6 किस्में तैयार की हैं, जो अलग-अलग राज्यों की जलवायु के अनुसार उपयोगी सिद्ध होंगी।

सरसों अनुसंधान निदेशालय भरतपुर: तैयार की दो किस्में 

सरसों अनुसंधान निदेशालय भरतपुर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार शर्मा ने पॉजिटिव कनेक्ट को बताया कि अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के तहत सरसों अनुसंधान निदेशालय और निदेशालय के नेतृत्व में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना ने Mustard की ये नई किस्म तैयार की हैं।

सरसों अनुसंधान निदेशालय भरतपुर की ओर से भी दो किस्में तैयार की गई हैं। यह दोनों ही किस्म राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के किसानों के लिए उपयुक्त साबित होंगी।

डीआरएमआर 2018-25 (बीपीएम 1825)

यह भारतीय Mustard की किस्म सरसों अनुसंधान निदेशालय भरतपुर द्वारा विकसित की गई है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के किसान इसकी बुवाई कर सकते हैं। इसकी उत्पादन क्षमता 26.3 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और तेल की मात्रा 41.7 प्रतिशत है।

डीआरएमआरसीआई(क्यू) 47

सरसों अनुसंधान निदेशालय द्वारा तैयार की गई Mustard की यह किस्म भी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के किसानों के लिए है। इसकी उत्पादन क्षमता 23.4 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और तेल की मात्रा 40.5 प्रतिशत है।

एनपीजे 253 (पीएम 37)

Mustard की यह किस्म भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली द्वारा विकसित की गई है। इसे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के लिए जारी किया गया है। इसकी उत्पादन क्षमता 26.6 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और तेल की मात्रा 39.9 प्रतिशत है।

जीएसएच 2155 (पीसीएसएच 2155)

यह गोभी Mustard की हाइब्रिड किस्म पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना द्वारा विकसित की गई है। इसे सभी जोन के लिए जारी किया गया है। इसकी उत्पादन क्षमता 23 क्विंंटल प्रति हेक्टेयर और तेल की मात्रा 40 प्रतिशत है।

आरएचएच 2101

Mustard की यह हाइब्रिड किस्म चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार द्वारा विकसित की गई है। इसे पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान व दिल्ली के लिए जारी किया गया है। इसकी उत्पादन क्षमता 28.4 क्विंटल प्रति हेक्टेयर व तेल की मात्रा 39.7 प्रतिशत है।

एसवीजेएच 71

Mustard की यह हाइब्रिड किस्म है, जो पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के लिए जारी की गई है। इसकी उत्पादन क्षमता 29.3 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है तथा इसमें तेल की मात्रा 39.4 प्रतिशत है।

आगामी वर्षों में मिलेगा किसानों को इनका बीज

प्रधान वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार शर्मा ने पॉजिटिव कनेक्ट को बताया कि यह सभी निदेशालय के नेतृत्व में तैयार की गई है। नोटिफिकेशन के बाद Mustard की सभी किस्मों को आने वाले वर्षों में किसानों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

भरतपुर  में अब तक 12 किस्में विकसित 

गौरतलब है कि भरतपुर के सेवर में स्थित सरसों अनुसंधान निदेशालय Mustard की नई-नई गुणवत्तापूर्ण किस्म विकसित करता है। निदेशालय में अब तक करीब 12 किस्में विकसित की जा चुकी हैं।

17 राज्यों के किसान लाभान्वित

यहां विकसित की गई Mustard की किस्म को न केवल भरतपुर के किसान बल्कि राजस्थान समेत देश के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, असम, मेघालय, मणिपुर, बिहार समेत 17 राज्यों के किसान बुवाई कर पैदावार लेते हैं।

सिंगल सुपर फास्फेट खाद भी उपयोगी

भरतपुर के अतिरिक्त निदेशक कृषि देशराज सिंह ने पॉजिटिव कनेक्ट को बताया कि Mustard फसल के लिए सिंगल सुपर फास्फेट खाद ज्यादा उपयोगी है। इसके प्रयोग से सरसों की पैदावार तथा तेल की मात्रा बढ़ती है।

वे बताते हैं कि कृषि वैज्ञानिकों ने अनुसंधान में पाया कि सिंगल सुपर फास्फेट में 16 प्रतिशत फास्फोरस तत्व के साथ 11 प्रतिशत गंधक तत्व मिलता है। सिंगल सुपर फास्फेट का फास्फोरस पानी घुलनशील है, जो पौधों को तुरन्त उपलब्ध हो जाता है। वहीं डीएपी का फास्फोरस साइट्रेट में घुलनशील होता है, जो भूमि में फिक्स हो जाता है और पूरी मात्रा में पौधों को नहीं मिल पाता। इससे जमीन कठोर हो जाती है ।

किसान Mustard की लाइनों में बुबाई करें

पॉजिटिव कनेक्ट से बातचीत में भरतपुर के संयुक्त निदेशक कृषि आरसी महावर बताते हैं कि एक बीघा में 40 किग्रा सिंगल सुपर फास्फेट पर्याप्त रहता है। इस खाद के साथ 15 किग्रा यूरिया प्रति बीघा अंतिम जुताई से पहले खेत में छिडकऱ जुताई कर दें तथा सुपर फास्फेट खाद मशीन से ओरकर पाटा लगाएं। इसके बाद किसान Mustard की लाइनों में बुबाई करें।

Mustard की बुवाई अक्टूबर माह में

उन्होंने पॉजिटिव कनेक्ट को बताया कि भरतपुर जिले में Mustard की बुवाई का कार्य शुरू होने वाला है। सरसों की बुवाई पूरे अक्टूबर माह में की जा सकती है। बुवाई सबसे उपयुक्त समय 15 से 25 अक्टूबर है। सरसों की बुवाई के समय आम तौर पर किसान डीएपी खाद का प्रयोग करते है, जिसकी उपलब्धता इस समय कम है।

Mustard की अच्छी पैदावार के लिए गंधक जरूरी

Mustard की अच्छी पैदावार के लिए गंधक तत्व की आवश्यकता होती है, जो दाने में तेल की मात्रा बढ़ाने के साथ दाने में चमक लाती है। डीएपी से सिर्फ 46 प्रतिशत फास्फोरस एवं 18 प्रतिशत नाइट्रोजन तत्व मिलता है। इसमें गंधक तत्व नहीं होता है।

Also Read

Related Story